चंदौली। आगामी मतदाता जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए चिह्नित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत डबल लॉक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखकर सील कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया को विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेश कुमार के निर्देश पर प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) में ओके पाई गईं ईवीएम-वीवीपैट मशीनों में से प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता के लिए उपयोग की जाने वाली मशीनों को अलग किया गया। इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चिह्नित मशीनों की विधिवत स्कैनिंग कराई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मशीनों को डबल लॉक स्ट्रांग रूम में रखवाकर सील कर दिया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर का निरीक्षण कर मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परिसर के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कैमरों की निगरानी एवं रिकॉर्डिंग की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा और निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।