होली पर्व पर 3 मार्च 2026 को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, पहले से निर्धारित 3 मार्च का स्थानीय अवकाश निरस्त कर अब 10 नवंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
चंदौली। जनपद के सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए होली के अवसर पर राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने होली पर्व को लेकर सार्वजनिक अवकाश के संबंध में नया आदेश जारी किया है। इसके तहत 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को भी निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पूर्व में 2 मार्च 2026 को होलिका दहन और 4 मार्च 2026 को होली का अवकाश घोषित किया गया था। अब 3 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस तरह जनपद में होली के अवसर पर लगातार तीन दिन अवकाश रहेगा।
वहीं जिलाधिकारी ने चंदौली जनपद की वर्ष 2026 की अवकाश तालिका में पहले से घोषित 3 मार्च के स्थानीय अवकाश को निरस्त कर दिया है। इसके स्थान पर अब 10 नवंबर 2026 (मंगलवार) को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसकी प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। जिला सूचना अधिकारी को भी आदेश का हिंदी समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।