इलिया बाजार में 17 अक्टूबर को आदर्श महिला संगठन की ओर से गरबा नृत्य और डांडिया नाइट का आयोजन होगा। शाम 7 बजे से संत कबीर एजुकेशन एकेडमी परिसर में रंगोली प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इलिया। स्थानीय
बाजार स्थित संत कबीर एजुकेशन एकेडमी परिसर में 17 अक्टूबर शनिवार को
आदर्श महिला संगठन की ओर से भव्य गरबा नृत्य एवं डांडिया नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम सात बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन में संगीत, रंगों और पारंपरिक नृत्य के संग नवरात्रि उत्सव की खास छटा देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामवासियों, महिलाओं, युवाओं और अन्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन के दौरान रंगोली प्रतियोगिता, आकर्षक सजावट और पारंपरिक उत्सवी माहौल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजकों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों को आपसी सौहार्द, एकता और उत्साह के साथ त्योहार मनाने के लिए एक मंच प्रदान करना है।
आयोजन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को मुख्य अतिथि तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह को विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
इस कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती सीमा गुप्ता पत्नी सुरेंद्र गुप्ता ग्राम प्रधान इलिया हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने और गरबा-डांडिया की रंगारंग शाम का हिस्सा बनकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।