चंदौली। नगर पंचायत चन्दौली के वार्ड नंबर 6 इंदिरा नगर स्थित शंकर मोड़, दुल्हन वाटिका के सामने वाली गली की हालत पिछले एक साल से बेहद खराब बनी हुई है। गली में जलभराव, गंदगी और खुली नालियों के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से गली के नव निर्माण और भूमिगत जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

दो मंदिरों में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी
प्रार्थना पत्र के अनुसार, इस गली में दो मंदिर स्थापित हैं, जहां प्रतिदिन अनेक श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। लेकिन रास्ते में गंदा पानी जमा होने और फिसलन के कारण श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

वहीं, छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी होती है। गली में फिसलन के कारण लोगों के गिरने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

गंदगी और जलभराव से बीमारियों का खतरा
गली में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण खुली नालियों का गंदा पानी रास्ते में जमा रहता है। इससे पूरे इलाके में बदबू और जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

वार्ड वासियो का कहना है कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और डायरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।

गली निर्माण और भूमिगत जल निकासी की मांग
स्थानीय निवासी कन्हैया लाल, कमलेश मौर्य, संतोष कुमार मौर्य, आदित्य नारायण मौर्य, गीता देवी, रामदुलारे मौर्य, उदय प्रताप मौर्य, रामविलास मौर्य, रामभरोस मौर्य, विजय मौर्य, लियाकत अली और पप्पू मौर्या ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि गली में नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा तत्काल गली का नव निर्माण और भूमिगत जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से निजात मिल सके।

अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन क्षेत्रवासियों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और उन्हें जलभराव व गंदगी से राहत मिलती है।