सदर कोतवाली पुलिस ने बंद पड़े रेस्टोरेंट में छापेमारी कर अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 520.7 लीटर अवैध शराब, 37,690 रुपये नकद और चार वाहन बरामद हुए। शराब को बिहार में खपाने की तैयारी थी।
चंदौली। चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सदर कोतवाली पुलिस ने एक बंद पड़े रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 15 पुरुष और 18 महिलाओं समेत कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 520.7 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब, 37,690 रुपये नकद और चार वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, तस्कर शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 3 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली निवासी सुमंत कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से अवैध शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कस्बा चंदौली के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में भारी मात्रा में शराब जमा होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल रेस्टोरेंट में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट के अंदर सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से प्रवेश करने पर बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों की पैकिंग करते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
अखबार में लपेटकर बिहार भेजी जा रही थी शराब
पुलिस के मुताबिक, तस्करी का तरीका भी चौंकाने वाला था। शराब की बोतलों को समाचार पत्रों में लपेटकर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। इसके बाद पुरुष तस्कर इन्हें पिट्ठू बैग और कपड़ों के थैलों में छिपाते थे, जबकि महिला तस्कर हैंडबैग, सूटकेस और कपड़ों में छिपाकर शराब ले जाती थीं। पुलिस के अनुसार, इन छोटी-छोटी खेपों को सवारी ट्रेनों, बसों, टेंपो और दोपहिया वाहनों के माध्यम से बिहार पहुंचाया जाता था।
520.7 लीटर शराब और चार वाहन बरामद
पुलिस ने मौके से सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस, मैकडॉवेल्स, आफ्टर डार्क, 8 पीएम, रॉयल चैलेंज और मैजिक मोमेंट्स सहित विभिन्न ब्रांडों की कुल 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच बरामद किए हैं। इनकी कुल मात्रा 520.7 लीटर बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री के 37,690 रुपये नकद भी मिले हैं।
बरामद वाहनों में एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक टीवीएस मोपेड शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बंद पड़े रेस्टोरेंट की आड़ में स्थानीय शराब के ठेकों से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
इस मामले में सदर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 526/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, रामसुजान यादव, मारकंडेय सिंह सहित पुलिसकर्मी और महिला आरक्षी शामिल रहीं।