चंदौली। पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए कार्यरत संगठन द जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने चंदौली जिले में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का विस्तार किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव ने वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय सिंह को जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह को जिला संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। संगठन की ओर से उम्मीद जताई गई कि दोनों पदाधिकारी पत्रकारों के हितों को लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे और जिले में पत्रकारों को एकजुट करने का काम करेंगे।

द जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। संगठन की ओर से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का प्रयास किया जा रहा है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जिले के सभी पत्रकारों को एक मंच पर लाना और उनके हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा।