चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कंदवा स्थित प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एनएचएम कर्मियों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर काम किया और अस्पताल परिसर के बाहर एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि वे लगातार विपरीत परिस्थितियों और भारी कार्यबोझ के बीच अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन शासन स्तर से उनके हितों की अनदेखी की जा रही है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि एनएचएम के तहत कार्यरत कर्मी लंबे समय से 'समान कार्य, समान वेतन' के अधिकार को लेकर संघर्षरत हैं। हम लोगों को नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर काम के अनुसार मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की जाए‚ हर महीने समय से मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए और वर्षों से चली आ रही वेतन विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए।

तीन दिनों तक काली पट्टी बांधकर करेंगे काम, लखनऊ प्रांतीय धरने पर नजर
आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि सांकेतिक विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से पूरे जनपद में एनएचएम कर्मी अगले तीन दिनों तक बांहों पर काली पट्टी बांधकर ही अपनी ड्यूटी करेंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और शासन तक संदेश भी चला जाए।
उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर लखनऊ में तीन दिवसीय विशाल प्रांतीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। लखनऊ धरने के बाद संगठन के प्रांतीय नेतृत्व द्वारा जो भी फैसला लिया जाएगा, उसी के अनुरूप आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
इस दौरान मुख्य रूप से डॉ. कुसुम सिंह, सुमन, लक्ष्मी, मनीष, अमरेश सहित केंद्र पर तैनात अन्य एनएचएम चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।