जिला किसान दिवस में किसानों ने खाद के साथ नैनो उत्पादों की जबरन टैगिंग, धान खरीद, अर्णव तूफान से बर्बाद फसलों के सर्वे और नहरों में पानी छोड़े जाने सहित कई समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति से किसानों में निराशा दिखी। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण और दोषी खाद विक्रेताओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इलिया। जिला किसान दिवस की बैठक में बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसान प्रतिनिधियों ने कृषि और किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में धान खरीद, अर्णव तूफान से बर्बाद हुई फसलों के सर्वे में प्रशासनिक लापरवाही, नहरों की सफाई, खाद की उपलब्धता और उर्वरकों के साथ नैनो उत्पादों की जबरन टैगिंग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, नवागत जिलाधिकारी शैलेश कुमार की अनुपस्थिति से किसानों में निराशा देखने को मिली और कार्यक्रम अपेक्षाकृत फीका नजर आया।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने खाद के साथ नैनो उत्पादों की जबरन टैगिंग का विरोध किया। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी से मांग की कि नैनो उत्पादों की खरीद किसानों के लिए अनिवार्य न की जाए। साथ ही प्रत्येक खाद वितरण केंद्र पर नैनो उत्पादों की खरीद स्वैच्छिक होने संबंधी सूचना का नोटिस बोर्ड लगाया जाए, ताकि किसानों पर अनावश्यक दबाव न बनाया जा सके।
बैठक में सरोज कुमार ने शिकारगंज रजवाहा में पानी छोड़े जाने से किसानों को होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि धान के खेतों में पहले से पानी भरा हुआ है। ऐसे में नहर का पानी छोड़े जाने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, राधेश्याम पांडेय ने पशु अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए।
विकास चौहान ने अर्णव तूफान से बर्बाद हुई फसलों का लेखपालों द्वारा सर्वे नहीं किए जाने का मामला उठाया। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की।
किसानों की समस्याओं पर जवाब देते हुए डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि धान खरीद के लिए प्रति हेक्टेयर 65 कुंतल की सीमा निर्धारित की गई है। वहीं, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि यदि कोई खाद विक्रेता जबरन नैनो उत्पादों की टैगिंग कर रहा है तो किसान इसकी शिकायत विभाग से करें। संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए बिंदुवार निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा प्रखंड हरेंद्र कुमार, डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी योगेश कुशवाहा सहित किसान रामप्रकाश सिंह, विभूति नारायण तिवारी, विकास चौहान, भारत चौहान, रतन सिंह, कमलेश सिंह, रवींद्रनाथ सिंह मुन्ना, शेषनाथ यादव समेत बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।