शहाबगंज में उत्तर प्रदेश किसान सभा ने किसानों और गरीबों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन 5 नवंबर को चकिया में प्रदर्शन करेगा और धान खरीद, महंगाई, बिजली समस्याओं तथा जल-जंगल-जमीन की रक्षा को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगा।
इलिया। किसानों और गरीबों से जुड़े मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश किसान सभा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन की ओर से आगामी 5 नवंबर को चकिया में बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाकर किसानों, मजदूरों और आम लोगों को आंदोलन से जोड़ने की रणनीति बनाई गई है।
शुक्रवार को शहाबगंज सहकारी समिति परिसर में आयोजित बैठक में किसान सभा के जिला मंत्री लालचंद एडवोकेट ने आंदोलन की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा, कथित बुलडोजर राज, गरीबों की बिजली संबंधी समस्याओं और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर संगठन संघर्ष करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की अपील की।
धान खरीद सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष का ऐलान
बैठक में किसानों की उपज की खरीद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। लालचंद एडवोकेट ने कहा कि किसानों को अपनी उपज का उचित लाभ दिलाने और धान खरीद सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाएगा और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा।
26 अक्टूबर को हड़ौरा गांव में मनेगा शहीद दिवस
किसान सभा की बैठक में आगामी 26 अक्टूबर को शहाबगंज क्षेत्र के हड़ौरा गांव में शहीद दिवस मनाने का कार्यक्रम भी तय किया गया। संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की।
बैठक में स्वामीनाथ यादव, नंदलाल राम, अजय शेखर, बडेलाल, प्रधान बदरुद्जा अंसारी, नीरज यादव, सोनू राम, चंद्रशेखर चौहान और जयप्रकाश विश्वकर्मा सहित किसान सभा के कई सदस्य मौजूद रहे।