चंदौली। महिला कल्याण विभाग की ओर से 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत एमसीएच विंग चंदौली में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएनसीयू, पीएनसी एवं एलआईसीयू वार्ड में जन्मी कुल 30 नवजात बालिकाओं को बेबी किट वितरित कर उनका जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नवजात बच्चियों के अभिभावकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें अवगत कराया गया कि योजना की निर्धारित पात्रता एवं श्रेणियों के अनुसार आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कर बालिकाओं के लिए आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
12
इस अवसर पर अभिभावकों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. केसी सिंह (चिकित्सा अधीक्षक, एमसीएच विंग चंदौली), श्रीमती रागिनी सिंह (जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर), मुस्कान सिंह (केंद्र प्रबंधक, वन स्टॉप सेंटर यूनिट-2), इंद्रजीत सिंह (चाइल्ड लाइन), पुष्पा कुशवाहा (जेंडर स्पेशलिस्ट), अमन कुमार सिंह (महिला कल्याण विभाग), रीना त्रिपाठी, सर्वेश कुमार राय (अस्पताल प्रबंधक, एमसीएच विंग चंदौली), प्रशंसा (डीएनएस) सहित अन्य अस्पताल कर्मी उपस्थित रहे।