इलिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बुधवार 14 अक्टूबर को जिले के सकलडीहा और इलिया थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान सकलडीहा में सिलाई, कढ़ाई एवं बुनाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 35 महिलाओं और किशोरियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं, इलिया क्षेत्र में मेधावी छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 साइकिलें वितरित की गईं।

मेधावी छात्राओं को बांटी गईं 25 साइकिलें
थाना इलिया की मिशन शक्ति टीम ने दुर्गावती इंटर कॉलेज के सहयोग से मेधावी छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं को कुल 25 साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रोत्साहित करना और उनकी शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना रहा।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध चंदौली पुलिस

चंदौली पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ प्रशिक्षण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।