चंदौली। कभी-कभी बच्चों की छोटी-सी गलती भी परिवार के लिए बड़ी चिंता का कारण बन जाती है। ऐसा ही एक मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में सामने आया, जहां दुकान से टॉफी चुराने पर परिजनों की डांट से डरा नौ वर्षीय बालक घर से लापता हो गया। देर रात तक बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। आखिरकार सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बच्चे को घर की ही दो छत्ती से सकुशल बरामद कर लिया।

टॉफी चोरी की शिकायत पर परिजनों ने लगाई थी डांट
जानकारी के अनुसार मढ़िया गांव निवासी बाबू बिंद का नौ वर्षीय पुत्र कार्तिक बिंद अपने दो दोस्तों के साथ रात में एक दुकान से टॉफी लेकर चला गया था। दुकानदार को इसकी जानकारी हुई तो उसने कार्तिक के परिजनों से शिकायत कर दी। इसके बाद घरवालों ने बच्चे को डांट-फटकार लगाई।
Add
बताया जा रहा है कि परिजनों की डांट से कार्तिक काफी डर गया। इसके बाद वह घर में बनी दो छत्ती पर जाकर बोरी ओढ़कर छिप गया और वहीं सो गया। इधर, काफी देर तक जब वह परिजनों को दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोग परेशान हो गए। अनहोनी की आशंका में उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

रात 12:30 बजे मिली सूचना, पुलिस ने शुरू की तलाश
15 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे पीआरवी को नौ वर्षीय कार्तिक के लापता होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पीआरवी और जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो घर के अंदर दोबारा बारीकी से तलाशी ली गई। इसी दौरान घर की दो छत्ती पर बोरी ओढ़कर सो रहे कार्तिक की मौजूदगी का पता चला। तलाशी के दौरान बच्चे को खांसी आई, जिससे पुलिसकर्मियों को उसके वहां छिपे होने का पता चल गया।

सुबह पांच बजे सकुशल मिला कार्तिक, परिवार ने ली राहत की सांस
पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में पता चला कि टॉफी लेने की बात पर परिजनों की डांट से डरकर वह घर की दो छत्ती पर जाकर छिप गया था और बोरी ओढ़कर सो गया था।
रविवार सुबह करीब पांच बजे बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार और पूरी पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, मामले में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं रही। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।