राष्ट्रीय एकता दिवस पर चंदौली पुलिस लाइन में एसपी आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चंदौली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस दौरान पुलिस लाइन चंदौली, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान एसपी आकाश पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती हमें उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की याद दिलाती है। उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।
एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के मार्ग पर चलना ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जनपद के समस्त पुलिस थानों, चौकियों एवं कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार सहित पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।