नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का संकल्प जताया। उन्होंने अंत्योदय वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण और कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
चंदौली। नवागत जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने सोमवार को जनपद चंदौली का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जनपद के चौमुखी विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी शैलेष कुमार इससे पूर्व संत रविदास नगर (भदोही) में जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और अंत्योदय वर्ग तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएंगे।
नवागत जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शासन-प्रशासन की सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग, समन्वय एवं जनसुझावों के आधार पर शासन की नीतियों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने, कार्यालयों की रंगाई-पुताई कराने तथा पर्याप्त विद्युत प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में फाइलों एवं अभिलेखों का रख-रखाव व्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा आमजन को मिलने वाली प्रशासनिक सेवाओं की समय-सीमा के भीतर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने जनपदवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ चंदौली के विकास को नई गति दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।