जिला किसान दिवस के दौरान अधिकारियों की गैरमौजूदगी से गुस्साए किसानों ने किया बैठक का बहिष्कार। नहरों में पानी और धान क्रय केंद्र बढ़ाने की उठी मांग।
इलिया। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जिला किसान दिवस में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब जिम्मेदार विभागों के सक्षम अधिकारियों की गैरमौजूदगी से नाराज किसानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। किसानों ने दो टूक सवाल उठाया कि जब सिंचाई विभाग, विपणन विभाग, बंधी डिवीजन और विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ही बैठक में मौजूद नहीं हैं, तो अपनी समस्याएं किसके सामने रखें? जिलाधिकारी की गैरमौजूदगी को लेकर भी किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
किसानों के विरोध के बाद जिला कृषि अधिकारी डॉ. विनोद यादव ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें समझाया-बुझाया। इसके बाद किसान दोबारा जिला कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में पहुंचे और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी। उप कृषि निदेशक भीमसेन ने पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों और उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा ने की।
नहरों में पानी नहीं, खेती पर संकट
बैठक में कर्मनाशा सिस्टम और मूसाखांड़ डिवीजन की नहरों के टेल तक पानी पहुंचाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई। किसानों ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था की खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े।
शहाबगंज में क्रय केंद्र बढ़ाने की मांग
किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय और रतन सिंह ने जिले में धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि नौगढ़, मुगलसराय, रामनगर और चहनियां की तुलना में शहाबगंज ब्लॉक में धान की उत्पादकता अधिक है। इसके बावजूद किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी होती है। ऐसे में शहाबगंज में क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाना आवश्यक है।
किसान नेताओं ने धान खरीद के पंजीकरण और खरीद की निर्धारित सीमा में विसंगतियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान कर प्रक्रिया को किसानों के लिए सरल बनाया जाए, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए भटकना न पड़े। विभिन्न किसान संगठनों ने इन विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
ब्लड कैंसर से जूझ रहे किसान नेता आठ महीने बाद पहुंचे
ब्लड कैंसर से जूझ रहे किसान नेता वीरेंद्र सिंह करीब आठ महीने बाद किसान दिवस की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने किसानों और अधिकारियों को कृषि संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए पूरी लगन, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संदेश दिया। लंबे अंतराल के बाद उनकी मौजूदगी बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू रही।
4.98 करोड़ रुपये के भुगतान की जानकारी
बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा ने बताया कि किसानों को लगभग चार करोड़ 98 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का भुगतान अभी लंबित है, उनके दस्तावेजों में त्रुटियां होने के कारण भुगतान नहीं हो पाया है।
करीब तीन बजे बैठक समाप्त हुई। जिला किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी डॉ. विनोद यादव, उप कृषि निदेशक भीमसेन, गोपाल सिंह, पारसनाथ विश्वकर्मा, दीनानाथ श्रीवास्तव, राम अवध सिंह, रवींद्रनाथ सिंह, शेषनाथ यादव, जितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।