चंदौली। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NHM) से जुड़े चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत कर्मियों ने अस्पताल परिसर के बाहर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में बांह पर काली पट्टी बांधकर काम किया।

प्रदर्शनकारी स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से 'समान कार्य, समान वेतन' की नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा समय से मानदेय का भुगतान करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने जैसी प्रमुख समस्याएं भी बनी हुई हैं। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मिलने वाले मानदेय में महंगाई के इस दौर में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। शासन को कर्मचारियों की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए मानदेय में अविलंब वृद्धि करनी चाहिए।

कर्मचारियों ने बताया कि मांगों के समर्थन में लखनऊ में तीन दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। फिलहाल निर्णय लिया गया है कि पूरे जनपद में एनएचएम कर्मी तीन दिनों तक बांह पर काली पट्टी बांधकर ही अपनी सेवाएं देंगे। लखनऊ धरने के बाद शीर्ष नेतृत्व से जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉक्टर संजय यादव, डॉक्टर अर्चना पांडे, संध्या, श्री निवास, आशुतोष सिंह और लक्ष्मी सहित कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे।