चंदौली। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर गांव के पूर्व ग्राम प्रधान अजय सिंह का घोड़ा इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मारवाड़ी नस्ल का यह घोड़ा अब बलिया के प्रसिद्ध ददरी मेले में अपनी रफ्तार और दमखम दिखाने के लिए तैयार है। खास बात यह है कि इस घुड़दौड़ में उसका मुकाबला बिहार के चर्चित बाहुबली अनंत सिंह के घोड़ों से होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार अजय सिंह करीब आठ महीने पहले बिहार के बरमपुर मेले से इस घोड़े के बच्चे को खरीदकर लाए थे। उस समय इसकी उम्र महज आठ महीने थी और इसकी कीमत 1.50 लाख रुपये थी। वर्तमान में यह घोड़ा 14 महीने का हो चुका है। इसकी ऊंचाई करीब 65 इंच बताई जा रही है। घोड़ा का नाम बेटू है जो 'पंचकल्याण'  है, जिसे घोड़ों में शुभ माना जाता है।

उत्तर प्रदेश की धरती पर पला-बढ़ा यह घोड़ा अब बलिया के ददरी मेले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहा है। बिहार के चर्चित घोड़ों के बीच प्रतियोगिता में शामिल होने की खबर से नौबतपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह है। ग्रामीणों और घोड़ा प्रेमियों को उम्मीद है कि पंचकल्याण अपनी रफ्तार और फुर्ती से प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेगा।

घुड़दौड़ में केवल रफ्तार ही नहीं, बल्कि घोड़े की फुर्ती, शारीरिक क्षमता, प्रशिक्षण और उसके मालिक की मेहनत भी अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में ददरी मेले में पंचकल्याण का प्रदर्शन काफी दिलचस्प रहने वाला है।

अब सबकी निगाहें बलिया के ददरी मेले पर टिकी हैं। देखना होगा कि चंदौली के नौबतपुर से निकला पंचकल्याण बिहार के चर्चित घोड़ों के बीच अपनी कितनी धाक जमा पाता है और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने में कितना सफल होता है।