चंदौली। एक तरफ खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। चंदौली के पीडीडीयू नगर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में आयोजित 28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आई हैं, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

पशु ढोने वाले वाहन में सफर और कंकड़ भरा ट्रैक
प्रतियोगिता के दौरान सात किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया था। आरोप है कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल तक ले जाने के लिए बस या सुरक्षित वाहन के बजाय पशुओं को ढोने वाले मालवाहक वाहन का इस्तेमाल किया गया। हैरानी की बात यह है कि दौड़ के दौरान सड़क पर सामान्य वाहनों की आवाजाही भी जारी रही, जिससे खिलाड़ियों की जान का जोखिम बना रहा। इसके अलावा, रास्ते में पेयजल का कोई इंतजाम नहीं था। कुछ खिलाड़ियों को उनके साथियों ने वाहनों से साथ चलकर पानी दिया, जबकि कई को बिना पानी के ही दौड़ पूरी करनी पड़ी। खिलाड़ियों को कंकड़ भरे ट्रैक पर दौड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिससे चोट लगने का खतरा हर वक्त मंडराता रहा।

शौचालय के लिए डेढ़ किलोमीटर की दौड़
खेल मैदान में शौचालय मौजूद होने के बावजूद भारी गंदगी के कारण वे इस्तेमाल के लायक नहीं थे। ऐसे में बालक वर्ग के खिलाड़ियों को शौच के लिए करीब एक किलोमीटर दूर नगर पालिका इंटर कॉलेज जाना पड़ा। वहीं बालिका खिलाड़ियों को ई-रिक्शा से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर एलबीएस इंटर कॉलेज तक की दूरी तय करनी पड़ी।

शासन से प्रतियोगिता के लिए डेढ़ लाख रुपये मिलने की बात सामने आने और विद्यालयों से खेल अंशदान वसूले जाने के बावजूद इतनी बुनियादी सुविधाएं न मिलना व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। तमाम मुश्किलों और अव्यवस्थाओं के बीच खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें अशोक इंटर कॉलेज बबुरी ने 94 अंक पाकर पहला, बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज चहनिया ने 91 अंकों के साथ दूसरा और नगर पालिका इंटर कॉलेज ने 82 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इस पूरे मामले पर जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि प्रतियोगिता के दौरान सामने आई इस लापरवाही की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।