जनपद के 1267 विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के तहत 14 सप्ताह का विशेष सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत बच्चों को सूजी का मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने सभी विद्यालयों में योजना का समयबद्ध और शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
चंदौली। परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पीएम पोषण योजना के तहत जनपद में विशेष सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत जिले के 1267 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पौष्टिक सूजी का मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जा रहा है। कार्यक्रम शुरू होने से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
निदेशक, मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर नवंबर के प्रथम सप्ताह से इस विशेष कार्यक्रम का संचालन शुरू किया गया है। शुक्रवार को कार्यक्रम के पहले सप्ताह के तहत जनपद के सभी आच्छादित विद्यालयों में बच्चों को गरमा-गरम स्वादिष्ट सूजी का हलवा परोसा गया। पौष्टिक हलवा पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि यह विशेष पोषण अभियान नवंबर से लगातार 14 सप्ताह तक संचालित होगा, जो फरवरी 2027 के तीसरे सप्ताह तक चलेगा। बच्चों को पोषण के साथ भोजन में विविधता और स्वाद उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग सप्ताह में मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम एवं तृतीय सप्ताह में बच्चों को सूजी का मीठा हलवा, जबकि द्वितीय, चतुर्थ एवं पंचम सप्ताह में सूजी का उपमा (नमकीन हलवा) दिया जाएगा।
बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध संचालन के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग का प्रयास है कि जनपद के सभी 1267 विद्यालयों में योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और प्रत्येक पात्र बच्चे तक गुणवत्तायुक्त एवं स्वच्छ तरीके से तैयार पौष्टिक आहार पहुंचे।
उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास को मजबूती देने के साथ विद्यालयों में उनकी उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने में भी सहायक साबित होगी।