सकलडीहा। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और आपसी प्रेम एवं भाईचारे का संदेश देने का त्योहार है। इसी भावना को साकार करते हुए चंदौली पुलिस ने खड़ेहरा स्थित अमर ज्योति संस्था में अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें मिठाइयां वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दृष्टिबाधित बच्चों ने दीपावली के महत्व, प्रेम, भाईचारे, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता पर आधारित सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। साथ ही उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्र ने बच्चों को मिठाइयां खिलाकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया। कार्यक्रम में स्टोर प्रभारी कौशल किशोर, संस्था के निदेशक प्रेम चंद, कोतवाल भूपेंद्र निषाद, कोऑर्डिनेटर सुजीत कुमार, आकाश मौर्या, जया, काजल, तमन्ना बानो सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।