पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। नौगढ़, चकरघट्टा, कंदवा और धीना से 2025 बैच के करीब चार दर्जन आरक्षियों को मुगलसराय, अलीनगर, सैयदराजा और सदर कोतवाली समेत प्रमुख थानों पर नई तैनाती दी गई है।
चंदौली। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिले में तैनात करीब चार दर्जन आरक्षियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें विभिन्न थानों पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में वर्ष 2025 बैच के आरक्षी शामिल हैं।

पुलिस विभाग की ओर से किए गए इस बदलाव के तहत जिले के दुर्गम, पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात आरक्षियों को अब शहरी एवं प्रमुख थाना क्षेत्रों में नई जिम्मेदारी दी गई है। नौगढ़ और चकरघट्टा जैसे पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही कंदवा और धीना से भी आरक्षियों को हटाकर अन्य थानों पर तैनात किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत मुगलसराय, अलीनगर, सैयदराजा और सदर कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इससे इन थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के वितरण और कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के इस प्रशासनिक कदम को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए कार्यक्षेत्र में तैनात आरक्षियों को अब प्रमुख थाना क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा।