धानापुर थाने में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श को ड्यूटी में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में एसपी आकाश पटेल ने निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
चंदौली। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में थाना धानापुर में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना धानापुर में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात सलील स्वरूप आदर्श पर कार्यों में रुचि नहीं लेने, उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं निर्देशों का पालन नहीं करने तथा थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं रहने के आरोप हैं। इसके अलावा उन पर शांति व्यवस्था ड्यूटी और सायंकालीन गश्त में प्रतिभाग नहीं करने तथा अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने का मामला भी सामने आया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की ओर से 4 नवंबर 2026 को प्रस्तुत आख्या के आधार पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्रवाई करते हुए निरीक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, कार्यकुशलता और जवाबदेही सर्वोपरि है। कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।