चंदौली। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही चंदौली पुलिस सामाजिक रिश्तों को संवारने और टूटते परिवारों को जोड़ने की जिम्मेदारी भी निभा रही है। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत थाना बलुआ स्थित मिशन शक्ति केंद्र की पहल पर पारिवारिक विवाद से जूझ रहे दो दंपतियों के बीच आपसी सुलह कराकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर थाना बलुआ मिशन शक्ति केंद्र द्वारा पारिवारिक विवादों के निस्तारण और बिछड़े दंपतियों को मिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को दो परिवारों की ओर से पति और परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे।

मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को नोटिस एवं मोबाइल फोन के माध्यम से सूचित कर थाने बुलाया। यहां पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं और उन्हें पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास तथा रिश्तों के महत्व को समझाते हुए समझौते के लिए प्रेरित किया।

पुलिस के प्रयासों से दोनों दंपतियों ने आपसी सहमति से अपनी पुरानी गलतियों और मतभेदों को भुलाकर नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने का निर्णय लिया। दोनों पक्ष बिना किसी दबाव के एक-दूसरे का सम्मान करते हुए पति-पत्नी के रूप में साथ रहने को राजी हुए।

इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों दंपतियों को उनके परिजनों के साथ हंसी-खुशी विदा किया। चंदौली पुलिस की इस पहल से दो परिवारों में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है।