चंदौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर शासन की मंशा के अनुरूप बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को प्रभारी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इनमें राजस्व, विद्युत, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, भूमि विवाद, अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।

प्रभारी जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच की जाए। जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जाए और वास्तविक स्थिति का आकलन करने के बाद तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई की जाए।

प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।