चंदौली। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सैयदराजा कस्बे में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में संचालित किए जा रहे पटाखों के अवैध गोदाम का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 525 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई 1 नवंबर की रात करीब 9 बजे की गई। थाना सैयदराजा में तैनात आरक्षी राजू सिंह ने यक्ष ऐप पर बीट सूचना दर्ज कराई थी कि वार्ड नंबर-1, अम्बेडकरनगर कस्बा सैयदराजा में रामजानकी मंदिर के सामने स्थित लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दुकान और मकान की तलाशी ली। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई। तलाशी के दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर 39 बोरियों में रखे पटाखों का कुल वजन 525 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के मुताबिक, रिहायशी इलाके में बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता था।

39 बोरियों में मिले कई तरह के पटाखे
पुलिस ने बरामद पटाखों में चटाई बम, टेकेन हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट बम, रोल कैप्स, मोरी छाप पटाखे, टाइमिंग बम सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल होने की जानकारी दी है। बरामदगी का कुल वजन 525 किलोग्राम बताया गया है।

एक आरोपी गिरफ्तार, विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर-1, कस्बा एवं थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में थाना सैयदराजा पर मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, गोपाल जी तिवारी, गंगाधर मौर्य, लालधर यादव, रावेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी संतोष सिंह चंदेल, गया प्रसाद यादव, रंजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में आरक्षी राजू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।