चंदौली। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत अवैध शराब और मुकदमों से संबंधित मालों के निस्तारण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 अभियोगों से संबंधित कुल 24,247 लीटर अवैध अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर का विधिवत विनष्टीकरण कराया। विनष्टीकृत शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया एवं क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार के निकट पर्यवेक्षण में की गई। थाना सैयदराजा पुलिस ने माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद गठित टीम की उपस्थिति में 5 नवंबर को अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई और विभिन्न मुकदमों से संबंधित माल का निस्तारण किया गया।
03
विनष्टीकृत शराब का विवरण
पुलिस के अनुसार, कुल 24,247 लीटर शराब का विनष्टीकरण कराया गया, जिसमें 22,915 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब तथा 1,332 लीटर अवैध बीयर शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये आंकी गई है।

इन अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
विनष्टीकरण की कार्रवाई थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, सहायक अभियोजन अधिकारी विजय पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक कनीज फातिमा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के लिपिक दिलीप कुमार तथा थाना सैयदराजा के हेड कांस्टेबल दिनेश उपाध्याय की उपस्थिति में संपन्न हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ लंबे समय से लंबित मुकदमाती मालों का नियमानुसार निस्तारण कराया जा रहा है। इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस की पारदर्शी कार्यप्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।