सकलडीहा। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना सकलडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिलाधिकारी सकलडीहा एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
sharada
बैठक में छठ पूजा के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और लोक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

अधिकारियों ने घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही डीजे और पटाखों पर रोक सहित अन्य सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचें और किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें।

बैठक में ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, पूजा समितियों के सदस्यों सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने सभी से छठ महापर्व को शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।