सकलडीहा में हाईवे पर बैठे छुट्टा मवेशी से बाइक टकराने पर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग उठाई।
सकलडीहा। सकलडीहा कस्बे में स्टेट हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक सड़क पर बैठे छुट्टा मवेशी से टकरा गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल और वहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार दिवाकरपुर गांव निवासी सुदामा राय (30) और राजेश राय (35) सकलडीहा से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान अंधेरा होने के कारण हाईवे पर बैठे छुट्टा मवेशी पर उनकी नजर नहीं पड़ी और तेज रफ्तार बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
हाईवे पर छुट्टा पशुओं का जमावड़ा बना खतरा
ग्रामीणों का आरोप है कि सकलडीहा कस्बे के स्टेट हाईवे पर छुट्टा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। पशु अक्सर सड़क पर बैठ जाते हैं और इधर-उधर घूमते रहते हैं। इसके चलते आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।