चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओनावल गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओनावल गांव निवासी विकास यादव के घर में बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित विकास यादव ने बताया कि चोर घर से करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने की सिकड़ी, अंगूठी सहित उनकी पत्नी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए।
01
चोरों ने वारदात के दौरान उनकी मां और पत्नी के बक्सों को भी घर से उठाकर धान के खेत में फेंक दिया था। चोरों ने बक्सों में रखे सामान को भी खंगालकर कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं।

घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पीड़ित परिवार को मामले में आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

फिलहाल अज्ञात चोरों द्वारा की गई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।