चंदौली के सकलडीहा रोड पर लाखों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें कई महीनों बाद भी चालू नहीं हुई हैं। महेंद्र टेक्निकल कॉलेज, पंडित कमलापति त्रिपाठी डिग्री कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ने वाले इस मार्ग पर रात में अंधेरा रहने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द लाइटें चालू कराने की मांग की है।
चंदौली। जिला मुख्यालय की सकलडीहा रोड पर विकास की तस्वीर दिन में तो चमचमाती नजर आती है, लेकिन रात होते ही इसकी हकीकत सामने आने लगती है। सड़क के बीचोंबीच लाखों रुपये की लागत से लगाई गई आकर्षक स्ट्रीट लाइटें कई महीने बीत जाने के बाद भी रोशनी नहीं बिखेर पा रही हैं। दिन में सड़क की खूबसूरती बढ़ाने वाली ये लाइटें रात में महज शोपीस बनकर रह गई हैं। ऐसे में राहगीरों और स्थानीय लोगों को अंधेरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।

विडंबना यह है कि दीपावली के अवसर पर जहां पूरा शहर रोशनी से जगमगाने की तैयारी में जुटा है, वहीं जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें अब तक चालू नहीं हो सकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि आधुनिक लाइटें लगने से रात में भी सड़क रोशन रहेगी और आवागमन सुरक्षित होगा। लेकिन महीनों बाद भी लाइटें नहीं जलने से लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है।
गौरतलब है कि सकलडीहा रोड पर महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंदौली पॉलिटेक्निक कॉलेज के साथ ही जिलाधिकारी आवास भी स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों का आवागमन होता है। शाम ढलने के बाद पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी हुई हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क के बीचोंबीच आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि अब रात में भी पूरा मार्ग रोशनी से जगमगाएगा। लेकिन कई महीने गुजर जाने के बावजूद लाइटों का चालू नहीं होना समझ से परे है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब इन लाइटों का संचालन ही नहीं हो पा रहा है तो इन्हें लगाने का क्या लाभ?
अब स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द सभी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी है, जब उनका उपयोग आम जनता कर सके। सकलडीहा रोड पर दिन में दिखाई देने वाली विकास की चमक रात में भी रोशनी के रूप में नजर आनी चाहिए।