चंदौली। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदौली ने 30 अक्टूबर 2026 को विद्यालयों में पठन-पाठन बाधित रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जिले के परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, निजी सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड सहित अन्य समस्त विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक शिक्षण कार्य प्रभावित रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 29 अक्टूबर को जारी आदेश में कहा गया है कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षकों और कर्मचारियों को विद्यालय में रहना होगा उपस्थित
आदेश के मुताबिक, पठन-पाठन बाधित रहने की अवधि में समस्त प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान उन्हें अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करानी होगी। साथ ही, अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी और अन्य विभागीय कार्य पूर्ववत संपन्न कराए जाएंगे।

जनगणना कार्य पर नहीं पड़ेगा असर
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य बाधित रहने के बावजूद जनगणना से संबंधित कार्य प्रभावित नहीं होगा। संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।