चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर पीछे से छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए और बड़े बक्से तथा बैग में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित सुरेश यादव ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
03
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव निवासी सुरेश यादव खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं और परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार की रात करीब दो बजे चोर पीछे से छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते उनके घर में घुसे। इसके बाद घर में रखे बड़े बक्से और छोटे बक्सों का ताला तोड़कर पत्नी, बहन और बच्चों के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर ली।

पीड़ित सुरेश यादव के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे जब उनकी नींद खुली तो घर के बाहर का दरवाजा खुला देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर जाकर देखा तो बड़े बक्सों के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने पत्नी और बच्चों को जगाया तथा शोर मचाया। जांच करने पर पता चला कि घर से एक बड़ा बैग और दो छोटे बक्से गायब हैं। बड़े बक्से में भैंस बेचकर रखे गए 1 लाख 20 हजार रुपये नकद भी रखे थे, जिन्हें चोर उठा ले गए।
02
चोर पत्नी और बेटी के तीन जोड़ी सोने के झुमके, तीन सोने के लॉकेट, एक मंगलसूत्र, एक सोने का मंटिका, तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की करधनी और दो जोड़ी पैजनी भी ले गए। इसके अलावा सुरेश यादव की एक सोने की सिकड़ी और दो सोने की अंगूठियां तथा छोटी बेटी की सोने की सिकड़ी और चांदी की पायल भी चोरी हो गई। चोर बक्से में रखी अरहर की दाल और कपड़े तक उठा ले गए। वहीं, दूसरे बक्से में रखे उनकी बहन के सोने के मंटिका, चांदी की करधनी, एक जोड़ी पैजनी, सोने की अंगूठी और सोने की सिकड़ी भी गायब मिली।

ग्रामीणों के अनुसार, घर से करीब एक किलोमीटर दूर बाजरे के खेत में दोनों बक्से पड़े मिले। वहीं, घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में दो बैग, कपड़े, चूड़ियां और घड़ी बिखरी हुई मिलीं। सुरेश यादव ने खेतों में मिले बक्सों और अन्य सामान की पहचान अपने घर का बताते हुए कहा कि चोर कीमती सामान निकालने के बाद बक्से और बैग खेतों में फेंककर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।