इलिया। शहाबगंज थाना पुलिस ने मारपीट कर रुपये छीनने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से छीने गए रुपयों में से 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।

पुलिस के अनुसार 10 नवंबर को ग्राम केराडीह निवासी रंजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने थाना शहाबगंज में तहरीर देकर बताया कि वह मजदूरी का पैसा बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ अभियुक्तों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और जेब में रखे रुपये छीनकर फरार हो गए।
sharada
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शहाबगंज में मु0अ0सं0-144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(2), 118(1), 110 एवं 309(4) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू की।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष शहाबगंज अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम केराडीह स्थित पीपल के पेड़ के पास से दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीने गए रुपयों में से 2,000 रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आलोक पुत्र राजेश उर्फ नटरू (18 वर्ष) तथा मोनू पुत्र गुड्डू (21 वर्ष), निवासी ग्राम केराडीह, थाना शहाबगंज, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

इस मामले में पुलिस ने बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस भी अभियोग में शामिल की है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल आशुतोष यादव, कांस्टेबल सोमेश कुमार एवं कांस्टेबल हरगोविन्द शामिल रहे।