शहाबगंज थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 3,130 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलिया । शहाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3,130 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहाबगंज पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केराडीह गांव में प्राथमिक विद्यालय के पीछे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर 2026 को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों की पहचान केराडीह गांव निवासी रघुवंश (48), धर्मेन्द्र (40), शिवजतन (52), पारस (40), राम केवल (55) और वकील (35) के रूप में हुई है। सभी शहाबगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में थाना शहाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 133/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल रविरंजन यादव, आशुतोष यादव, अमित पाल और सोमेश शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।