साक्षर भारत योजना के अंतर्गत कार्यरत रहे शिक्षा प्रेरकों ने वर्ष 2018 से बकाया मानदेय भुगतान की मांग की है। बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दीपावली से पहले भुगतान कराने की अपील की।
चंदौली। जनपद में साक्षर भारत योजना के अंतर्गत कार्यरत रहे शिक्षा प्रेरकों ने अपने बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है। इस संबंध में शिक्षा प्रेरकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दीपावली से पहले बकाया मानदेय दिलाने की अपील की है।
शिक्षा प्रेरकों का कहना है कि वे वर्ष 2013 से साक्षर भारत योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे थे। 31 मार्च 2018 को योजना बंद कर दिए जाने के बाद से उनका मानदेय बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा प्रेरकों ने प्रार्थना पत्र में शासनादेश का हवाला देते हुए कहा है कि राज्य सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराए जाने के क्रम में उनके बकाया मानदेय का भुगतान कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिक्षा प्रेरकों ने कहा कि बकाया मानदेय मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और उनके परिवारों को भी सहारा मिलेगा। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले में आवश्यक कार्रवाई कर बकाया भुगतान कराने की गुहार लगाई है।
इस दौरान राजेश यादव‚ अरविन्द यादव‚ संजय सिंह‚ अनिल कुमार भारती‚ अभिमन्यु प्रसाद गौतम‚ वसीम अहमद‚ संजीव सिंह‚ सावित्री देवी‚ नन्दलाल‚ रेखा‚ कृष्णानन्द‚ रामेश्वर दूबे आदि लोग उपस्थित रहे।