चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में लापरवाही तथा दर्ज मुकदमों का खुलासा न करने पर एसपी आकाश पटेल ने तीन उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सकलडीहा के दरोगा दिनेश राम समेत मुगलसराय और चंदौली थाने में तैनात उपनिरीक्षकों पर कार्रवाई की गई है।
चंदौली। जनपद में चोरी और नकबजनी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पुराने मामलों का खुलासा करने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता, विवेचना में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में विफलता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए तीन उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
निलंबित होने वालों में सकलडीहा थाने के उपनिरीक्षक दिनेश राम, मुगलसराय थाने के उपनिरीक्षक रामकेर यादव और चंदौली थाने के उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सकलडीहा में दो नकबजनी के मुकदमों में लापरवाही पर दिनेश राम निलंबित
सकलडीहा थाने में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश राम के खिलाफ दो नकबजनी के मामलों की विवेचना में गंभीर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 87/2025 (धारा 303(2) बीएनएस) और मुकदमा अपराध संख्या 113/2025 (धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस) दर्ज था। इन मामलों की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक दिनेश राम ने घटना का अनावरण किए बिना तथा चोरी गए माल और आरोपियों की बरामदगी के बिना ही अंतिम रिपोर्ट प्रेषित कर दी थी।
बताया गया कि क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की ओर से कई बार लिखित और मौखिक निर्देश दिए जाने के बावजूद विवेचना में कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए क्षेत्राधिकारी की 29 अक्टूबर की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने दिनेश राम को निलंबित कर दिया।
मुगलसराय के उपनिरीक्षक रामकेर यादव पर भी गिरी गाज
मुगलसराय थाने में तैनात उपनिरीक्षक रामकेर यादव को भी निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ अपने बीट क्षेत्र में चोरी और नकबजनी जैसी गंभीर घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने, मामलों की विवेचना और चोरी गए माल की बरामदगी में रुचि नहीं लेने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप सामने आए।
क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की 30 अक्टूबर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
चंदौली थाने के उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह भी निलंबित
इसी क्रम में थाना चंदौली के हल्का/बीट संख्या एक में तैनात उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उनके क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पाने के संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर ने 29 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसके आधार पर एसपी आकाश पटेल ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी का सख्त संदेश- लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिसकर्मियों की ओर से कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधों पर नियंत्रण रखना, घटनाओं का समयबद्ध खुलासा करना और विवेचनाओं को निष्पक्ष एवं प्रभावी तरीके से पूरा करना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसपी की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि चंदौली पुलिस में अब केवल मुकदमा दर्ज करना ही नहीं, बल्कि अपराधों का खुलासा करना, चोरी गए माल की बरामदगी और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण भी पुलिसकर्मियों की जवाबदेही का हिस्सा होगा।