इलिया। क्षेत्र में तूफान और तेज हवाओं का असर अब किसानों की धान की फसल पर दिखाई देने लगा है। शहाबगंज ब्लॉक के कई गांवों में खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल को हुए नुकसान के बीच किसान संगठनों ने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह और किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के जिलाध्यक्ष पारसनाथ विश्वकर्मा ने शहाबगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों के सिवानों का दौरा कर प्रभावित फसलों का जायजा लिया। इस दौरान खिलची, रजडीहा, बरियारपुर, खखड़ा, परमानंदपुर, घोड़सारी, हड़ौरा, मसोईं, जिगिना, बटौवा और भुड़कुड़ा सहित कई गांवों में धान की फसल जमीन पर गिरी हुई मिली।

तेज हवाओं ने किसानों की बढ़ाई चिंता
किसान नेताओं के मुताबिक, महज आठ से नौ घंटे तक चली तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने लगी। इससे फसल की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, 30 और 31 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। किसानों को डर है कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

प्रभावित किसान लेखपाल और प्रशासन को दें सूचना
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावित किसानों से अपील की कि वे फसल को हुए नुकसान की जानकारी तत्काल अपने क्षेत्रीय लेखपाल, तहसीलदार और उपजिलाधिकारी को दें। इससे संबंधित अधिकारियों के माध्यम से फसल क्षति का आकलन कराया जा सकेगा और नुकसान का रिकॉर्ड तैयार हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसे में सरकार और प्रशासन को प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए फसल नुकसान का आकलन कराना चाहिए, ताकि नियमानुसार मुआवजा और राहत उपलब्ध कराई जा सके।

मुआवजे की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपेंगे ज्ञापन
किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के जिलाध्यक्ष पारसनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि तूफान से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए किसान विकास मंच और किसान मजदूर संयुक्त यूनियन एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर दोनों संगठनों की ओर से जिलाधिकारी चंदौली को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। प्रशासन को प्रभावित गांवों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को नियमानुसार समय पर राहत मिल सके।