चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर पुलिस चौकी अंतर्गत पट्टी गांव निवासी 42 वर्षीय सुशील कुमार चौबे उर्फ टीपू सोमवार दोपहर बलुआ पुल से गंगा नदी में कूद गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची बलुआ और चौबेपुर थाने की पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। हालांकि देर शाम तक काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार चौबे पुत्र स्वर्गीय राम अवतार चौबे अपने परिवार के इकलौते पुत्र हैं। उनकी माता का नाम गिरिजा देवी है। परिवार में पत्नी रिंकी चौबे, बेटा शिवम और बेटी पिक्की हैं। इसके अलावा उनकी दो बहनें भी हैं, जिनका विवाह हो चुका है।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने परिवार के सदस्य के अचानक लापता होने से परिजन गहरे सदमे में हैं।

उधर घटना के बाद बलुआ घाट पर ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार गंगा नदी में तलाश अभियान चलाते रहे। देर शाम तक सुशील चौबे का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई। फिलहाल नदी में तलाश अभियान जारी रहने की जानकारी है।