आदर्श गांव ताजपुर में भाकियू (टिकैत) की पंचायत में किसानों ने ड्रेनों की सफाई नहीं होने से खेतों में जलजमाव और गेहूं की बुआई प्रभावित होने पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सकलडीहा। आदर्श गांव ताजपुर स्थित अवधूत भगवान राम कुटी के पोखरे पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। किसानों ने विशेष रूप से ड्रेन की सफाई नहीं होने से खेतों में जलजमाव और गेहूं की बुआई प्रभावित होने का मुद्दा उठाया।
पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू (टिकैत) के वाराणसी मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप तिवारी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही राजनेता किसानों के बीच पहुंचने लगते हैं। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसान उसी जनप्रतिनिधि को अपना विधायक और सांसद मानें, जो वास्तव में उनके हितों के लिए काम करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि समय से ड्रेनों की सफाई नहीं होने के कारण किसानों के खेतों में अभी तक धान की फसल के बीच पानी भरा हुआ है। इससे गेहूं की बुआई प्रभावित हो रही है। भारी बारिश के बाद भी ड्रेनों में बेहया, जलकुंभी, करेम और अन्य झाड़-झंखाड़ भरे पड़े हैं। उन्होंने इसके लिए बंधी प्रखंड के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि किसानों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
समस्या दूर नहीं हुई तो होगा आंदोलन
भाकियू के जिलाध्यक्ष दयाशंकर सिंह उर्फ गोपाल सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान समय रहते किया जाना चाहिए। यदि संबंधित अधिकारी किसानों की परेशानियों को गंभीरता से नहीं लेते और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं करते हैं तो भारतीय किसान यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
पंचायत में किसान राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, आरपी कुशवाहा, मंडल महासचिव विभूति नारायण तिवारी, मनोज यादव, बेचई पाण्डेय, नवल किशोर सिंह, राकेश तिवारी, सुभाष पाण्डेय, रामाश्रय कुशवाहा, सवरू राम, भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष पारस विश्वकर्मा, रामजी, मगरू चौहान, सतीश पाण्डेय, महेन्द्र पाल, नन्दलाल, ओमप्रकाश मौर्य और चन्द्रशेखर मौर्य सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
अध्यक्षता राजेश चौहान ने की, जबकि संचालन रामअवतार सिंह ने किया।