चहनिया। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर जनपद चंदौली के टांडा कलां स्थित गंगा घाट पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां एक युवती ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर हाथ में लेकर गंगा नदी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। युवती की इस अनूठी पहल की चर्चा क्षेत्र में खूब हो रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा टांडा कलां निवासी कुतुल प्रजापति छठ पूजा के अवसर पर गंगा घाट पहुंचीं। उन्होंने अखिलेश यादव की तस्वीर हाथ में लेकर छठी मइया और सूर्य देव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच यह दृश्य आकर्षण और कौतूहल का केंद्र बना रहा।

पूजा के बाद कुतुल प्रजापति ने बताया कि उन्होंने छठी मइया से विशेष मन्नत मांगी है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बने और अखिलेश यादव एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुतुल प्रजापति अपने क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की विचारधारा का खुलकर समर्थन करती हैं और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहती हैं। छठ पूजा जैसे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान राजनीतिक नेता की तस्वीर लेकर अर्घ्य देने का उनका यह अंदाज अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

आस्था और राजनीतिक जुड़ाव का यह अनोखा दृश्य क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा बटोर रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों की दिलचस्पी देखी जा रही है।