परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति के लिए 12 और 13 नवंबर को डायट सकलडीहा में काउंसलिंग होगी। बीएसए सचिन कुमार ने आदेश जारी कर दिव्यांग, महिला और पुरुष शिक्षकों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की हैं।
चंदौली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बीएसए सचिन कुमार की ओर से 7 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की काउंसलिंग 12 और 13 नवंबर को डायट सकलडीहा में आयोजित की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग श्रेणियों के शिक्षकों की तिथि निर्धारित की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक पद पर 14 फरवरी 2009 तक तथा प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक पद पर 28 दिसंबर 2015 तक मौलिक रूप से नियुक्त एवं कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता सूची और पात्रता सूची के आधार पर पदोन्नति की काउंसलिंग कराई जाएगी। यह सूची सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर अवलोकन के लिए चस्पा की गई है।
श्रेणीवार निर्धारित की गई काउंसलिंग की तिथि
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को दिव्यांग महिला एवं दिव्यांग पुरुष शिक्षकों के साथ समस्त महिला शिक्षकों की काउंसलिंग होगी। वहीं 13 नवंबर को समस्त पुरुष शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। दोनों दिन काउंसलिंग का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसका आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सकलडीहा में होगा।
टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति के लिए संबंधित स्तर की टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। काउंसलिंग में शामिल होने वाले सभी शिक्षकों को अपना प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, टीईटी प्रमाणपत्र, नियुक्ति पत्र अथवा पदोन्नति आदेश और पहचान पत्र सहित आवश्यक अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों को विद्यालय का विकल्प कार्यादेश स्तर से आवंटित कर दिया जाएगा। इसलिए पात्र शिक्षकों को समय से निर्धारित स्थल पर पहुंचकर काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए कार्यालय की ओर से आदेश की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों, जिला प्रशासन, खंड शिक्षा अधिकारियों और समस्त शिक्षकों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।