पुलिस लाइन में एसपी आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता माह-2026 का शुभारंभ किया। नवंबर भर जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता, विशेष चेकिंग और यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान चलाया जाएगा।
चंदौली। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार, 2 नवंबर को यातायात जागरूकता माह-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन चंदौली में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन चालान और जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को यातायात नियमों के पालन की सीख देने की अपील की।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला ने प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल और डीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे अपने परिवार के सदस्यों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने से रोकने के लिए प्रेरित करें। हेलमेट और सीट बेल्ट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली असमय मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के बाद चंदौली पुलिस की मोबाइल वैन, पैंथर दस्ता और विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान आमजन को यातायात सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट और पर्चे वितरित किए गए।
नवंबर माह में चलेंगे जागरूकता और चेकिंग अभियान
यातायात जागरूकता माह के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों, तिराहों और बस स्टैंडों पर वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा व्यावसायिक वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन और आमजन को गोल्डन ऑवर के महत्व तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नाबालिगों को वाहन न देने की अपील
कार्यक्रम में बच्चों को सुरक्षित स्कूल आवागमन, निर्धारित बस स्टॉप का उपयोग, फुटपाथ पर चलने और सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिगों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सभी के लिए सीट बेल्ट का प्रयोग जरूरी है।
चंदौली पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी का पूरा जीवन बचा सकती है। सुरक्षित चलें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक यातायात प्रथम सत्य प्रकाश यादव, प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वितीय सुरेन्द्र यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।