इलिया। मौसम के बदले मिजाज और अकवान तूफान के प्रभाव से शुरू हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले से ही तूफान की मार झेल रहे किसानों के सामने अब दूसरी प्राकृतिक आपदा का संकट खड़ा हो गया है। बारिश के चलते धान की तैयार फसल, कटाई-मड़ाई और पशुपालन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि पिछले तूफान के दौरान खेतों में गिरी धान की फसल अभी पूरी तरह संभल भी नहीं पाई थी कि एक बार फिर बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में गिरी फसल के लगातार भींगने से उसके सड़ने और धान की गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। वहीं, पककर तैयार खड़ी फसल के तेज हवा और बारिश से गिरने की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि कई गांवों के किसान शनिवार से धान की कटाई और हार्वेस्टिंग कराने की तैयारी में थे, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हाथ से काटकर खेतों में सुखाने के लिए छोड़ी गई धान की लेहनी भी बारिश में भींगकर खराब होने की कगार पर है।

राम अवध सिंह के मुताबिक, जिन खेतों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, वहां मिट्टी में अत्यधिक नमी के कारण बड़े हार्वेस्टर से कटाई संभव नहीं हो पाएगी। किसानों को मजबूरी में चेन कंबाइन से कटाई करानी पड़ सकती है, जिस पर सामान्य हार्वेस्टिंग की तुलना में प्रति बीघा करीब तीन गुना तक खर्च उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने पशुपालन पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कई पशुपालकों के घरों में भूसे का भंडार पहले से ही समाप्त होने की स्थिति में है। ऐसे में बारिश से भूसे का संकट और गहरा सकता है, जिसका सीधा असर पशुपालकों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले तूफान से बर्बाद हुई फसल के मुआवजे और राहत की उम्मीद लगाए बैठे किसानों पर अब दूसरी बार मौसम की मार पड़ रही है। लगातार बारिश से धान की कटाई के साथ रबी फसलों की बुआई भी प्रभावित होने की आशंका है। बुआई का कार्य करीब 15 दिन तक पीछे खिसक सकता है।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री ने शासन-प्रशासन से मांग की कि पिछले तूफान से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही वर्तमान बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का भी आकलन कराकर किसानों को उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराई जाए।