सकलडीहा। सदर ब्लॉक अंतर्गत नोनार तुलसी आश्रम गांव निवासी 30 वर्षीय मजदूर सतीश कुमार गौतम उर्फ जयंत की गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजन उन्हें विजयवाड़ा से निजी एंबुलेंस के जरिए घर ला रहे थे, लेकिन गांव पहुंचते-पहुंचते उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार, 25 अक्टूबर को बलुआ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
Two
विजयवाड़ा में बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार गौतम उर्फ जयंत पुत्र रामा प्रसाद विजयवाड़ा-गुंटूर की एक मिनी कंपनी में काम करते थे। 20 अक्टूबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी जानकारी मिलने पर उनके छोटे भाई गुलशन और विकास कुमार 21 अक्टूबर को विजयवाड़ा के लिए रवाना हुए। दोनों भाई 23 अक्टूबर को वहां पहुंचे, जहां सतीश की हालत नाजुक बनी हुई थी।

परिजनों ने उन्हें घर लाने का निर्णय लिया और 23 अक्टूबर की दोपहर निजी एंबुलेंस से गांव के लिए रवाना हो गए। लंबा सफर तय कर एंबुलेंस 24 अक्टूबर की देर रात करीब 12 बजे गांव पहुंची, लेकिन तब तक सतीश की मौत हो चुकी थी।

परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे सतीश
सतीश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने दुख के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
सतीश की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। रविवार, 25 अक्टूबर को बलुआ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।