चंदौली। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी सदर शशिकांत पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें जनपद के विभिन्न विकास खंडों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला समाज को नई दिशा देने का माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिलना जरूरी है। इस दौरान किशोरी सशक्तीकरण एवं महिलाओं के हुनर से संबंधित प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल कैली, चहनियां ने प्रथम तथा नियामताबाद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में गौरव कुमार प्रथम और निहारिका द्वितीय रहीं। कविता लेखन में नौगढ़ के अभिषेक चौबे प्रथम तथा सदर की सोनम कुमारी द्वितीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में सकलडीहा प्रथम और सदर द्वितीय स्थान पर रहा।

विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय लोकगीत कलाकार राम यादव और कौशल सिंह ने प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्वेतांक मिश्रा एवं सुनील कुमार ने किया। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।