शहाबगंज स्थित कम्पोजिट विद्यालय बड़ौरा में अराजकतत्वों पर रात में शराब पीने, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। प्रधानाध्यापक मुसाफिर सिंह ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इलिया। क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय बड़ौरा में अराजकतत्वों की गतिविधियों से विद्यालय का माहौल खराब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय बंद होने के बाद शाम और रात के समय कुछ लोग परिसर में घुसकर शराब और गुटखा-पान का सेवन करते हैं। इसके साथ ही गाली-गलौज और तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक ने थाना प्रभारी शहाबगंज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानाध्यापक मुसाफिर सिंह ने प्रार्थना पत्र में बताया कि विद्यालय बंद होने के बाद कुछ अराजकतत्व अनाधिकृत रूप से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। वहां शराब और गुटखा-पान का सेवन करने के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इतना ही नहीं, परिसर में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को भी क्षति पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधियों से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। साथ ही विद्यालय की सुरक्षा और सरकारी संपत्ति की देखरेख को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
प्रधानाध्यापक ने पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर विद्यालय परिसर में अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने तथा ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।