चंदौली। शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने की अनूठी पहल के तहत डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एवं हॉस्टल, बिशुनपुरा-कांटा की ओर से संचालित निःशुल्क अयोध्या दर्शन अभियान की 21वीं यात्रा शनिवार को आयोजित की गई। गायत्री चेतना केंद्र, सकलडीहा से 25 श्रद्धालुओं का दल प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी और मुख्य अतिथि अजीत पाठक ने हरी झंडी दिखाकर वातानुकूलित बस को रवाना किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि जब आस्था के साथ सेवा का भाव जुड़ता है तो उसका उद्देश्य और भी व्यापक हो जाता है। इसी सोच के साथ प्रत्येक माह श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या धाम के दर्शन कराने की पहल की गई है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण तीर्थयात्रा से वंचित रहने वाले लोगों को भी प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल सके। 21 यात्राओं का सफल आयोजन इस सेवा संकल्प की निरंतरता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी संस्था की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व गायत्री चेतना केंद्र में आयोजित यज्ञ के दौरान अवधेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में गायत्री परिजनों ने सकलडीहा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या यात्रा आयोजित कराने का आग्रह किया था। संस्था ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए यात्रा की व्यवस्था की।

कार्यक्रम के दौरान बंशीधर तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, रोहित पांडेय, विनय पांडेय और सुमित वर्मा सहित अतिथियों का तिलक-चंदन, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में डॉ. रमाशंकर वर्मा, रामप्रसाद पाठक, दिलीप गुप्ता, राजेश चौरसिया, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अरुण मिश्रा, विवेक मिश्रा, ग्राम प्रधान विनोद कुमार खरवार, दीपक पांडेय, सुदर्शन तिवारी, त्रिलोकनाथ पांडेय, रीता, कंचन तिवारी और विमला पांडेय सहित कुल 25 श्रद्धालु शामिल रहे।

इस दौरान डॉ. तिवारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम के साथ विद्यार्थियों को वित्तीय शिक्षा भी प्रदान की जाती है। इसके अलावा जल्द ही सुल्तानपुर जनपद में विद्यालय की नई शाखा शुरू करने की तैयारी चल रही है।