चंदौली। बाल दिवस के अवसर पर डैडीज इंटरनेशनल स्कूल, बिशुनपुरा में सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को 14 साइकिलें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और उनकी शिक्षा की राह आसान बनाना है।
06
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने पिछले वर्ष 14 नवंबर को वितरित की गई ट्राइसाइकिलों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन की पहल को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि डैडीज इंटरनेशनल स्कूल में ऐसी शिक्षा दी जाती है, जो प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
07

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि समाज के उत्थान और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए वह प्रत्येक वर्ष स्वयं को समर्पित रखेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी विद्यालय का उद्देश्य है।


विद्यालय की इस पहल से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इस दौरान उमाकान्त मौर्य‚ विनीत कुमार दूबे‚ अंकित केशरी‚ प्रज्ञा निधि तिवारी सहित विद्‍यालय के अध्यापक व अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।