सकलडीहा। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर सकलडीहा कस्बे में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को दर्जनों महिलाएं प्राचीन सरोवर के घाटों पर पहुंचीं और साफ-सफाई के साथ घाटों का नामकरण किया। इस दौरान सरोवर में पानी की कमी और दूषित पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने नाराजगी जताई। महिलाओं ने प्रशासन से छठ पूजा से पहले सरोवर की समुचित सफाई और पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराने की मांग की।

सकलडीहा कस्बे के प्राचीन सरोवर पर वर्षों से डाला छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जाता है। यहां सकलडीहा, नागेपुर, तेंदुई, ईटवा, बलारपुर, टिमिलपुर और सिरोहुपुर समेत आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की जाती है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से घाटों के निर्माण कार्य के चलते सरोवर का पानी दूषित हो गया है। वहीं, सरोवर में पानी का स्तर भी काफी कम होने से छठ व्रतियों और कस्बावासियों की चिंता बढ़ गई है। बीते दो दिनों से घाटों पर नामकरण और तैयारियों के लिए पहुंच रहीं महिलाओं ने गंदगी और पानी की कमी पर नाराजगी जाहिर की।

इस समस्या को लेकर समाजसेवी संत सेठ, संजय जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद, रामआशीष राय और निरंजन सेठ ने जिला प्रशासन से छठ पूजा से पहले सरोवर की साफ-सफाई कराने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि सरोवर की साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था कराने के लिए संबंधित सचिव को निर्देशित किया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।