इलिया। शहाबगंज विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत इलिया में लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ सकुशल संपन्न हुआ। पर्व को लेकर पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में छठ पूजा को लेकर व्यापक तैयारियां एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महापर्व के अवसर पर जनपद के अपर जिलाधिकारी, नायब तहसीलदार चकिया, कानूनगो, थाना प्रभारी इलिया, थाना प्रभारी शहाबगंज एवं चौकी प्रभारी इलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सक्रियता एवं सतर्कता के चलते छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
02
इस दौरान ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सहयोग और आपसी समन्वय से पर्व का आयोजन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, ग्राम पंचायत के वरिष्ठजनों एवं समस्त क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, आपसी समन्वय और सहभागिता से इतना बड़ा धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को डाला छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।